आचार संहिता जारी होते ही अधिकारियों के अवकाश पर लगाई रोक
पिथौरागढ़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोक सभा सामान्य निर्वाचन की तिथि जारी करने से प्रत्येक सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित होने वाले जनता मिलन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। आचार संहिता लागू होते ही जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है।
यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डा.विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने से जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी विभिन्न दायित्व दिए गए हैं। इसको देखते हुए11 मार्च सोमवार को आयोजित होने वाला जनता मिलन कार्यक्रम को स्थगित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन को देखते हुए सभी कार्मिकों, अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगाई जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश देते हुए अब कोई भी विभाग किसी भी निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। नए निर्माण कार्य भी शुरू नहीं होंगे।