पिथौरागढ़। हाल में स्कूल बसों से हुए हादसों से सबक लेते हुए शिक्षा विभाग ने नियमों का पालन कराने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्य शिक्षाधिकारी वीपी सिमल्टी ने निजी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों की बैठक ली।
बैठक में छात्र, छात्राओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों में सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगाने के साथ ही अग्निशमन और पीने के पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। बसों में ओवरलोडिंग न करने, चालक और परि चालक का पुलिस से सत्यापन कराने, चालक, परिचालक के लिए ड्रेस अनिवार्य करने को कहा गया। विद्यालय परिसर और कक्षों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। स्कूल के प्रबंधक/प्रधानाचार्य प्रतिदिन सीसीटीवी की जांच कर यह देखेंगे कि कैमरे क्रियाशील हैं या नहीं। विद्यालय और छात्रावासों में शिकायत पेटी लगाने के निर्देश दिए।
सीईओ ने कहा कि मनमाने तरीके से शुल्क बढ़ोत्तरी कदापि न की जाए, यदि ऐसा मामला संज्ञान में आया तो संबंधित स्कूल के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। जिलाधिकारी कार्यालय में स्थापित विभाग के टॉल फ्री नंबर 18001804016 को सूचना पट और विद्यालय के बार अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में यातायात प्रभारी दरबान सिंह मेहता ने भी नियमों की जानकारी दी।