डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट विकास खंड के वनराजि गांव कूटाचौरानी में एक दर्जन बच्चे पिछले एक सप्ताह से बुखार की चपेट में हैं। बच्चों को लगातार बुखार से पीड़ित देख उनके परिजन चिंतित हैं। उन्होंने एसडीएम से गांव में चिकित्सा शिविर लगाने की गुहार लगाई। एसडीएम ने बच्चों के बुखार से पीड़ित होने की जानकारी प्रभारी चिकित्साधिकारी डीडीहाट और सीएमओ पिथौरागढ़ को दी है।
वनराजि गांव कूटाचौरानी में पिछले एक हफ्ते से छोटे बच्चे बुखार की चपेट में हैं। सोमवार को मदन सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम वैभव गुप्ता को मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों का बुखार नहीं उतर रहा है। बता दें कि कूटाचौरानी में रहने वाले वनराजियों की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है।
मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह वह लोग अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए गांव में चिकित्सा शिविर लगाने को कहा है।