झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा पर बसे झूलाघाट कस्बे में लगा एकमात्र एटीएम बिजली न होने पर काम नहीं करता है। झूलाघाट कस्बे में एक सप्ताह से बिजली के खंभे बदलने का काम चल रहा है। इसके लिए अक्सर बिजली काटनी पड़ती है। बिजली न होने से एटीएम के काम न करने से उपभोक्ता बहुत परेशान हैं।
झूलाघाट मुख्य बाजार में लगे भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम की बैटरियां 14 अप्रैल को एक्सपायर हो गई थी। इस कारण विद्युत व्यवस्था में व्यवधान होने से एटीएम काम नहीं कर रहा है। क्षेत्र में एसएसबी, पुलिस, कस्टम और खुफिया विभाग के कई कार्यालय हैं। एटीएम की बैट्री खराब होने से लोगों को पैसा निकालने में दिक्कत हो रही है।
सूचना मिली है कि यहां पर लगे एटीएम के रखरखाव का काम एमडब्ल्यूटी कंपनी करती है। एटीएम में नकदी डालने का काम सिक्यूटीट्रांस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी करती है। कंपनी के कस्टूडियन डाइरेक्टर मनोज जोशी ने बताया कि एटीएम में लगी बैटरियां खराब हो गई है। कंपनी को ऑर्डर गया है। जैसे ही बैटरियां आती है बदल दी जाएंगी।