बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने रविवार को लोनिवि विश्रामगृह में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत 201 किसानों को एक-एक लाख रुपये का कर्ज बांटा। इसमें सिर्फ दो प्रतिशत ब्याज लिया जाएगा।
टम्टा ने कहा कि किसी भी किसान से प्रक्रिया शुल्क नहीं लिया जाएगा। लघु और सीमांत कृषकों के साथ-साथ बीपीएल परिवारों को इस कर्ज का लाभ दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि इस समय कर्ज की सीमा एक लाख रुपये है। इसे बढ़ाकर दो लाख करने पर विचार किया जा रहा है। एक लाख का यह कर्ज अल्पकालीन होगा। किसान इसके माध्यम से अपनी फसल को सुधारेंगे।
उन्होंने कहा कि बाद में पशुओं के लिए भी कर्ज दिया जाएगा। इससे पहले कार्यक्रम का विधायक मीना गंगोला ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सहकारी बैंक के अध्यक्ष दल बहादुर बाफिला ने योजना की विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर जिला सहायक निबंधक कृष्ण सिंह रौंकली, बैंक के महाप्रबंधक एमएस भंडारी, उपमहाप्रबंधक एलएन भट्ट, महेश पंत, दीपक धानिक, धीरज बिष्ट, दर्पण कुमार, जीवन पाठक आदि उपस्थित थे।