जौलजीबी (पिथौरागढ़)। उच्च हिमालयी क्षेत्र में छियालेख में स्थित इनरलाइन को जौलजीबी लाने की मांग को लेकर महिलाओं ने भी हुंकार भरी है। महिलाओं ने जौलजीबी में बैठक कर इनरलाइन के मामले में शीघ्र फैसला लेने की मांग की है।
महिला संगठन की अध्यक्ष लीला बनग्याल की अध्यक्षता में जौलजीबी में हुई बैठक में महिलाओं ने कहा कि इनरलाइन उच्च हिमालयी क्षेत्र में बनाने से वहां तक बाहरी लोगों की पहुंच आसान हो गई है। क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। बनग्याल ने कहा कि इनरलाइन जौलजीबी से पीछे पिथौरागढ़ की ओर कहीं पर बनाई जानी चाहिए। जौलजीबी के पास इनरलाइन बनाने से संदिग्ध लोगों के सीमा क्षेत्र में पहुंचने पर रोक लगेगी। धारचूला से 60 किमी दूर छियालेख में इनरलाइन बनाने का कोई औचित्य नहीं है।
बैठक में तय हुआ कि इनरलाइन जौलजीबी लाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से भारत सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा। सांसदों पर भी इस मामले में दबाव बनाया जाएगा। बैठक में सावित्री देवी, आरती देवी, सविता बुर्फाल, ललिता पोखरिया, गंगोत्री देवी आदि ने विचार रखे।