पिथौैरागढ़। तीन साल से रिक्त पदों को भरने पर रोक लगाने के निर्णय का विरोध करते हुए युवक कांग्रेस ने वित्त मंत्री प्रकाश पंत का पुतला फूंका। युवक कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर युवा, बेरोजगार विरोधी होने का आरोप लगाया है।
युकां के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में गांधीचौक पर एकत्र कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बीच मंत्री का पुतला फूंका। कहा कि वित्त मंत्री ने हाल में रिक्त पदों की समीक्षा बैठक में सरकारी विभागों में तीन साल से रिक्त पदों को भरने पर रोक लगाने का निर्णय लिया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण होने के साथ-साथ युवा और बेरोजगार विरोधी है।
साथ ही नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं का भविष्य अधर में लटक जाएगा। पुतला दहन में करन सिंह, आनंद धामी, पारस महर, अमित जोशी, दीपक मेहता, प्रकाश देवली, कमलेश कसन्याल, करन लाबट आदि शामिल थे।