आईटीबीपी के जवान रोजाना दो घंटे योगाभ्यास करेंगे
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस सातवीं वाहिनी के जवान अब रोजाना दो घंटे योगाभ्यास करेंगे। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित वाहिनी की अग्रिम चौकियों में भी योग की कक्षाएं लगाई जा रही हैं। आईटीबीपी का योग सप्ताह बृहस्पतिवार से शुरू हो गया है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में योगाभ्यास कराने के लिए कैसेट दी गई है। इसी को देखकर जवान योग कर रहे हैं।
आईटीबीपी की सातवीं वाहिनी मिर्थी के सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि रोजाना दो घंटे योग कराने का मुख्य मकसद जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूती देना है। उच्चहिमालयी क्षेत्र में तैनात जवानों को योग कराने के लिए योग की कैसेट दी गई हैं। शीतकाल में जवानों को स्वस्थ रखने के लिए योग काफी मददगार साबित होगा।
वाहिनी मुख्यालय में योगाभ्यास कराने के लिए कुछ जवानों को ट्रेनिंग दी गई है। सेनानी ने बताया कि योग की विशेष कक्षाएं एक सप्ताह तक चलेंगी और उसके बाद भी नियमित रूप से योगाभ्यास कराया जाएगा।