अस्कोट (पिथौरागढ़)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही उन्हें योजना से लाभान्वित नहीं किया गया तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।
रसगाड़ी की प्रधान उमा बिष्ट ने बताया कि उनके गांव में पूर्व में कई किसानों को योजना का लाभ मिला है, लेकिन गांव के 50 फीसदी से अधिक किसान अभी सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने से परेशान हैं। उनका कहना है कि आए दिन ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हो गया है।
गेहूं, मसूर के साथ ही फल भी बर्बाद हो गए हैं। किसान नरेंद्र जोशी, दयाल जोशी, प्राण दत्त उपाध्याय, भवानी दत्त, योगेश चंद्र, तारा सिंह बिष्ट ने नुकसान की भरपाई की मांग उठाई है। राजस्व उपनिरीक्षक मीना जोशी ने बताया कि सभी किसानों को योजना का लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इधर मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि 3500 किसानों को योजना का लाभ दिया गया है। 57 हजार किसानों ने योजना में रजिस्ट्रेशन कराया है। अप्रैल अंतिम सप्ताह से योजना का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में तेजी आएगी।