पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के व्यय का लेखाजोखा रखने के लिए व्यय अनुवीक्षण तंत्र में गठित टीमों को द्वितीय प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान निर्वाचन के दौरान किये जाने वाले कार्यों, दायित्वों के बारे में जानकारी दी गई।
विकास भवन सभागार में सोमवार को आयोजित प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने टीम प्रभारियों, सदस्यों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप दिए गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन में प्रत्येक प्रत्याशी के द्वारा किए जाने वाले व्यय का लेखाजोखा रखना अनिवार्य है। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक व्यय टीम तैनात की गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक प्रत्याशी को भी चुनाव व्यय का लेखा जोखा और उसका मिलान लेखा टीम से कराना भी अनिवार्य है।
प्रशिक्षण में उड़न दस्ता, स्थैतिक निगरानी टीम को निर्देश दिए कि वह निर्वाचन के दौरान अपने कार्य क्षेत्र में बने रहे। उन्हें जो वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे उनमें जीपीएस प्रणाली होगी जिससे उनके कार्यक्षेत्र के बारे में संपूर्ण जानकारी मिल जाएगी। मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ला ने वीडियो सर्विलांस, वीडियो अवलोकन, उड़न दस्ता, स्थैतिक निगरानी, लेखा टीम के सदस्यों को कार्यों एवं उत्तरदायित्व के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक बीबी तिवारी, उप जिलाधिकारी सौरव गहरवाल, केएन गोस्वामी, प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय वरुण अग्रवाल, सीओ आरएस रौतेला, सहायक व्यय प्रेक्षक गौरव पांडेय समेत निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और सभी टीमों के सदस्य आदि उपस्थित रहे।