थल (पिथौरागढ़)। थल-डीडीहाट नेशनल हाइवे थल से नौ किमी पमतोड़ी के पास जर्जर हालत में पहुंच गई है। इस स्थान पर कीचड़ से सनी सड़क से वाहनों का संचालन हो रहा है।
दो वर्ष पहले इस स्थान पर बरसात में सड़क ध्वस्त हो गई थी। विभाग ने दलदल में सड़क काटी थी। लगभग 70 मीटर यह सड़क अभी भी कच्ची है। सड़क में पत्थरों से स्वेलिंग तक नहीं की गई है। सड़क लगातार धंस रही है। चिकनी मिट्टी होने से सड़क में कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। वाहनों को आने-जाने में दिक्कत आ रही है। भारी वाहन दलदल में फंस रहे हैं। वाहनों के रपटने और दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। मुनस्यारी रोड बंद होने सभी वाहन यहीं से जा रहे हैं। थल, डीडीहाट, जौलजीबी, धारचूला, कनालीछीना, मुनस्यारी, पिथौरागढ़,चर्मा और ओगला का यह मुख्य मार्ग है। एनएच के अवर अभियंता बीसी जोशी ने बताया तीन दिन के भीतर सड़क पर पत्थर बिछाकर सड़क को ठीक कर दिया जाएगा।