पिथौरागढ़। सड़क हादसे में मारे गए गाजरी (पीपली) के सीआरपीएफ के जवान होशियार सिंह का गमगीन माहौल में पीपली श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार को लखनऊ से प्रयागराज जा रही बस मानिकपुर थाना क्षेत्र में ट्रक से टकराकर पलट गई थी।
हादसे में गाजरी निवासी सीआरपीएफ में तैनात जवान होशियार सिंह धामी (46) की मौत हो गई थी। शनिवार की देर शाम जवान की पार्थिव देह घर लाई गई। पार्थिव देह घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार को होशियार सिंह का पीपली के महाकाली नदी स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। चिता को मुखाग्नि होशियार सिंह के पुत्र अनिल सिंह ने दी। सीआरपीएफ के जवानों ने मातमी धुन बजाई और सशस्त्र सलामी दी।