डीडीहाट/धारचूला। कुटी में बादल फटने के बाद निर्जन स्थान में फंसे सभी चरवाहों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त पुल का निर्माण शुरू कर दिया है।
रविवार को बादल फटने से कुटी और ज्योलिंगकांग को जोड़ने वाला पुल बह गया था। बादल फटने के बाद नाले के उफान में आने से मवेशियों को चराने जंगल में गए लगभग 12 चरवाहे फंए गए थे। इसके बाद आईटीबीपी के जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे थे। आईटीबीपी के डीआईजी एपीएस निंबाडिया ने बताया कि सोमवार को आधे दिन तक क्षेत्र में लगातार बारिश थी। इसके कारण सुबह के समय रेस्क्यू नहीं हो सका।
दो बजे बाद जंगल में फंसे सभी चरवाहों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अब नदी नालों का जल स्तर घट चुका है। सभी जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नालों के किनारे रहने वाले ग्रामीणों को भी बारिश में एहतियात बरतने को कहा गया है। इधर प्रभारी जिलाधिकारी वंदना ने बताया कि कुटी में बहे पुल का पुननिर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दिया है। शीघ्र ही पुल बनकर तैयार हो जाएगा।