डीडीहाट (पिथौरागढ़)। स्व. प्रेम सिंह टोलिया मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता जारी है। रविवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले हुए, इनमें ओगला और डीडीहाट फुटबाल क्लब की टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला थल और ओगला की टीमों के बीच हुआ। इसमें दोनों टीमों ने 2-2 गोल से मुकाबला बराबरी पर रखा। पहले हाफ में थल की ओर से लक्की और कब्बू ने एक-एक गोल किया। दूसरे हाफ में ओगला के रोहित और धीरज ने एक-एक गोल किया। मुकाबले के बराबरी पर छूटने पर पेनाल्टी शूट आउट में ओगला ने 3-2 से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला डीडीहाट फुटबाल क्लब और नारायण नगर के बीच हुआ। एकतरफा मुकाबले में डीडीहाट ने 4-1 से मुकाबला जीता। डीडीहाट लक्की कफलिया ने दो गोल, नितिन पांगती और कृष्णा ने एक-एक गोल किया। नारायणनगर की ओर से पंकज कन्याल एक गोल किया। हिमांशु और मंटू मैच के निर्णायक रहे। शुभम मर्तोलिया, आशीष लाइनमैन रहे, जबकि युवराज कन्याल ने आंखों देखा हाल सुनाया।
डीवाईसी खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पवन टोलिया ने बताया कि फाइनल मुकाबला ओगला और डीएफसी के बीच होगा। विजेता टीम को 10 हजार और उपविजेता को पांच हजार की नकद धनराशि दी जाएगी। इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता प्रह्लाद चुफाल ने मैच का उद्घाटन किया।