पिथौरागढ़। समुद्र तल से 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित खलियाटॉप में सोमवार को भी स्कीइंग प्रशिक्षण जारी रहा। स्कीइंग को देखने के लिए 12 पर्यटक पहुंचे हैं। इनमें कई शौकिया तौर पर स्कीइंग कर रहे है। इस समय खलियाटॉप में पर्याप्त मात्रा में बर्फ जमी है, जिसमें स्कीइंग आसानी से हो रही है। मोनाल संस्था इस प्रशिक्षण का आयोजन कर रही है। कई पर्यटक शौकिया तौर पर भी स्कीइंग कर रहे हैं। मोनाल संस्था के सचिव सुरेंद्र पंवार ने बताया कि ज्यादा ऊंचाई में होने के कारण खलियाटॉप में बर्फ जल्दी नहीं पिघलती। पिछले दिनों गिरी बर्फ कम से कम 15 दिनों तक रहेगी। यदि इस बीच में दोबारा हिमपात हो गया तो लंबे समय तक स्कीइंग की जा सकती है। उन्होंने बताया कि पिछली बार मार्च में भी स्कीइंग कराई गई थी। प्रशिक्षक मनोज कुमार, दीपक पंवार, चंचल वर्मा ने सोमवार को पर्यटकों को स्कीइंग के गुर सिखाए। बताया कि स्कीइंग साहसिक खेल है। इसमें थोड़ा जोखिम भी है। यदि अच्छे तरीके से स्कीइंग करना आ जाए तो आनंद भी आता है। बताया कि अगले कुछ दिनों तक यह प्रशिक्षण जारी रहेगा।