पिथौरागढ़/चंपावत। एजूकेशनल मिनिस्ट्रीयल आफिसर्स एसोसिएशन ने प्रशासनिक अधिकारी पदोन्नति सूची जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार को मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया और प्रदर्शन किया। कार्य बहिष्कार के कारण शिक्षा विभाग के कार्यालयों में काम ठप हो गया है। कार्यालयों में काम के लिए आने वाले लोग निराश लौट रहे हैं।
धरनास्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पहले की पदोन्नति सूची में शामिल कई कर्मचारी सेवानिवृत्त भी हो गए हैं, लेकिन विभाग ने पदोन्नति सूची जारी नहीं की। पदोन्नति सूची जारी करने का मुद्दा लंबे समय से शासन स्तर पर अटका है। यह भी कहा कि यदि इस बार सरकार ने सकारात्मक रुख नहीं अपनाया तो आंदोलन तेज होगा।
धरने पर संगठन के मंडलीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय पंत, मंडलीय संयुक्त मंत्री राजेंद्र राणा, जिलाध्यक्ष सौरभ चंद, जिला मंत्री कैलाश बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश उपाध्याय, उपाध्यक्ष शिव शंकर जोशी, संयुक्त मंत्री दिनेश उपाध्याय, वीरेंद्र सिंह परिहार आदि बैठे।
चंपावत में एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन की जिला इकाई का कार्य बहिष्कार मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन में जिले के चारों विकासखंडों के सभी विद्यालयों और कार्यालयों के कर्मचारियों शामिल रहे। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हेम चंद्र उप्रेती की अध्यक्षता और जीवन ओली के संचालन में कार्य बहिष्कार किया गया।
इस दौरान कर्मचारियों ने एक सूत्री मांग को लेकर नारेबाजी की। कार्य बहिष्कार करने वालों में सुदर्शन गहतोड़ी, ललित मोहन चतुर्वेदी, कैलाश नाथ महंत, मिंटू सिंह राणा, देवेंद्र पांडेय, महेश चंद्र पांडेय, मालविका पंत, मंजू तड़ागी आदि शामिल रहे।