डीडीहाट (पिथौरागढ़)। आईटीबीपी में चल रही अंतरवाहिनी क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सातवीं वाहिनी की टीम ने जीत कर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के बरेली सेक्टर की अंतरवाहिनी क्रिकेट प्रतियोगिता कराने का जिम्मा आईटीबीपी सातवीं वाहिनी को मिला था। इसमें बरेली सेक्टर की पांच वाहिनियों के बीच मैच हुए। फाइनल मुकाबला 7वीं वाहिनी मिर्थी और 34वीं वाहिनी हल्दूचौड़ के बीच खेला गया। 34वीं वाहिनी हल्दूचौड़ ने 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान में 120 रन बनाए।
जवाब में सातवीं वाहिनी मिर्थी की शुरुआत काफी अच्छी रही। ओपनिंग जोड़ी के तौर पर महेंद्र प्रताप और हरीश ने 70 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसमें हरीश ने 50 रन बनाए। सातवीं वाहिनी ने 17वें ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को पूरा कर प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जीत लिया। बेहतरीन पारी और पूरे टूर्नामेंट में 150 रन बनाने वाले हरीश को मैन आफ द मैच और मैन आफ द सीरीज चुना गया। निर्णायक की भूमिका में धनंजय और राकेश थे।
स्कोरर की भूमिका धर्मवीर ने निभाई। विजेता टीम को सेनानी महेंद्र प्रताप ने ट्राफी दी। समापन अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी उमेश नौटियाल, कुलदीप सिंह, साहिल मोंगा, डॉ. शशांक शंकर, डॉ. राहुल रावत, डॉ. गिरीश कुमार, रश्मिकांत बहुगुणा आदि अधिकारी और जवान मौजूद थे।