बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग में तीन दिवसीय नाग महोत्सव का सोमवार को रंगारंग आगाज हो गया है। महोत्सव के दौरान पर्वतीय जनजीवन पर प्रदर्शित झांकी ने दर्शकों का मन मोहा। झांकी में पर्वतीय अंचल के जीवन की कठिनाईयों को सामने लाने का प्रयास किया गया। गुरुकुल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने यह झांकी तैयार की थी। उद्घाटन अवसर पर छोलिया नृत्य की धूम रही। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने झांकी में हिस्सा लिया।
महोत्सव का उद्घाटन करते हुए विधायक मीना गंगोला ने कहा कि मेले और महोत्सव हमारी संस्कृति के वाहक हैं। सरकार लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं को लागू करने का विचार कर रही है। उन्होंने नाग महोत्सव को सरकारी मदद का भरोसा दिलाया।
नाग महोत्सव समिति के संयोजक एवं व्यापार संघ अध्यक्ष ललित मेहरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महोत्सव के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने और संस्कृति के संरक्षण के लिए यह आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दल बहादुर बाफिला, गोकुल गंगोला, थाना प्रभारी बलवंत कांबोज आदि मौजूद थे। संचालन कैप्टन दीवान सिंह वल्दिया और गोविंद भंडारी ने किया। महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की झड़ी लग रही। छात्राओं ने स्वागत गीत पेश किया। इससे पूर्व बेड़ीनाग मंदिर से भव्य कलश यात्रा और सांस्कृतिक झांकी निकाली गई, जिसमें छोलिया नृतकों के अलावा विभिन्न स्कूलों की झांकियां भी निकली। महोत्सव के कार्यक्रम तीन दिन तक जारी रहेंगे।