पिथौरागढ़। मुवानी महोत्सव में लगे स्टाल पर रखे गए रिंगाल से बने उत्पाद केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा को खासे पसंद आए। केंद्रीय राज्यमंत्री को झूमर बेहद पसंद आया। उन्होंने इसे बनाने की तकनीक की जानकारी ली। टम्टा ने कहा कि रिंगाल से बने उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए उनका मंत्रालय प्रोत्साहन देगा। देशभर में ऐसे हस्तशिल्पियों की पहचान की जा रही है और उन्हें इसके लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।
टम्टा रविवार सुबह पिथौरागढ़ से बागेश्वर जाते समय कुछ देर के लिए मुवानी में रुके। मुवानी महोत्सव में उत्तरापथ संस्था ने यह स्टाल लगाया है। टम्टा ने कहा कि पहाड़ पर बांस और रिंगाल आसानी से उग जाता है। इनकी मदद से बेहतरीन सामग्री तैयार की जा सकती है। उन्होंने संस्था के कार्यकर्ताओं से कहा कि इस काम को ज्यादा व्यापक स्तर पर फैलाएं।
इस मौके पर राज्यमंत्री ने पंकज कार्की, निर्मल पंत, मोहन राम, किशन राम से रिंगाल से सामग्री तैयार करने की तकनीक की जानकारी ली। उनके साथ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी भी थे। उत्तरापथ के राजेंद्र पंत ने बताया कि सभी जगह रिंगाल से बने उत्पादों को पसंद किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर जितने भी मेले और महोत्सव हो रहे हैं सभी में रिंगाल से बने उत्पाद जरूर नजर आएंगे।