धारचूला (पिथौरागढ़)। तीन लोगों पर सोमवार रात चाकू से हमला करने वाला युवक मंगलवार सुबह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 307, 326 और 352 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, तीनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रीतम सिंह (28) निवासी रमतोली भाग गया था। उसे पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई गई थी। पुलिस ने मंगलवार सुबह उसे घटधार के पास पकड़ लिया। हमले में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रीतम सिंह एक दुकान से मोबाइल फोन चुराकर भाग रहा था। तभी कुछ लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने व्यापारी राहुल कुटियाल को चाकू मार दिया।
उसके बाद तेजी से भाग रहे प्रीतम ने रोडवेज बस स्टेशन के पास परिचालक देवेंद्र जोशी पर भी हमला कर दिया। तीसरी घटना उसने नाई मोहम्मद राशिद के साथ कर दी। उसे चाकू मारने के बाद प्रीतम फरार हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. एमएस जायसवाल ने बताया कि तीनों की हालत गंभीर है। इस कारण जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
वहीं, थाना पुलिस ने थाना प्रभारी ध्यान सिंह की अगुवाई में तीन टीमें बनाई। इन टीमों में उपनिरीक्षक रजत कसाना, नरेंद्र सिंह अधिकारी, प्रेमा कोरंगा, डूंगर सिंह, अजय बोरा को शामिल किया गया। इन लोगों ने गलाती, टीवी टावर, ग्वाल गांव में तलाशी अभियान चलाया। रातभर आरोपी कहीं छिपा रहा, लेकिन मंगलवार सुबह उसे पुलिस ने घटधार के पास पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके आतंक से गांव के लोग भी परेशान हैं। इस घटना को अंजाम देने का कोई कारण आरोपी ने नहीं बताया।
घायलों को ले जाने के लिए नहीं मिला 108 वाहन
चाकूबाजी में घायलों को जिला अस्पताल ले जाने के लिए 108 आपात वाहन नहीं मिल पाया। यह वाहन एक महीने से खराब पड़ा है। बाद में घायलों के लिए निजी वाहनों का इंतजाम करना पड़ा। लोगों में इस तरह की अव्यवस्था को लेकर भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि सीमांत क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी की जा रही है। विधायक प्रतिनिधि नृप सिंह गर्ब्याल ने कहा कि इस अव्यवस्था से गरीब तबके के लोग परेशान हो रहे हैं।