बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। विधायक मीना गंगोला ने जीआईसी जाबुकाथल में 58 लाख रुपये की लागत से बने नवनिर्मित विद्यालय भवन का बुधवार को लोकार्पण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यू इंडिया विजन कार्यक्रम के तहत विधायक निधि से विद्यालय को प्रोजेक्टर देने और विद्यालय को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सीसी मार्ग बनाने को 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर राम टम्टा और पीटीए अध्यक्ष चारू पंत ने विधायक का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम दिखाए।
बाद में विधायक ने ग्राम बाफिला में जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने पुंकेश्वर महादेव मंदिर में यात्री शेड के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की। कहा कि पुंकेश्वर महादेव मंदिर को पर्यटन सर्किट से जोड़ेंगे। विधायक ने कालीविनायक-हजेती-बर्षायत मार्ग के छूटे हुए हिस्से में शीघ्र डामरीकरण कराने की बात कही। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दलबहादुर बाफिला, भाजपा नेता गोकुल गंगोला, नंदन बाफिला, महेश पंत, डा. चंद्रशेखर पाठक, उमेश डसीला चारू पंत आदि मौजूद थे।