झूलाघाट (पिथौरागढ़)। पंचेश्वर बांध के विरोध में शुक्रवार को झूलाघाट में जुलूस निकाला गया और इसे विनाशकारी बांध बताते हुए इसका प्रस्ताव रद्द करने की मांग की। बांध के विरोध में झूलाघाट के लोगों ने बृहस्पतिवार की रात नौ बजे से दो घंटे तक घरों की बिजली बंद कर दी। बांध से होने वाले नुकसान की जानकारी देने के लिए यहां के लोगों को प्रोजेक्टर के माध्यम से जानकारी दी गई।
शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने कस्बे में जुलूस निकाला और बांध निर्माण का प्रस्ताव रद्द करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यह बांध लोगों की आजीविका, संस्कृति, जमीन, रिश्ते, नाते सभी कुछ समाप्त कर देगा। ऐसे विनाशकारी बांध का लगातार विरोध जारी रखने का फैसला लिया गया।
झूलाघाट के लोग डीपीआर की खामियों और जनसुनवाई कराने के तरीके से भी खासे नाराज हैं। जुलूस में जानकी कापड़ी, इंदु पंगरिया, अंजलि कुमारी, विप्लव भट्ट, हरिबल्लभ भट्ट, जीवन भट्ट, चंद्री चंद आदि लोग थे।