पिथौरागढ़। महावीर रामलीला कमेटी के तत्वावधान में चामाचौड़ में रामलीला जारी है। बुधवार को छठे दिन सुमंत की अयोध्या वापसी, दशरथ मरण, भरत के राम को मनाने से लेकर चित्रकूट पहुंचने तक की लीला दिखाई गई।
भगवान राम, लक्ष्मण, सीता को वन में छोड़कर लौटे मंत्री सुमंत ने राजा दशरथ को राम के वापस नहीं आने का समाचार सुनाया तो राजा दशरथ ने प्राण त्याग दिए। ननिहाल से लौटे भरत माता कैकई से नाराज होते हैं। शत्रुघ्न सारी विपदा की जड़ दासी मंथरा को बताते हुए फटकारते हैं और लात मारते हैं। भरत, शत्रुघ्न भगवान राम को मनाने चित्रकूट पहुंचते हैं।
भगवान राम लौटने से मना करते हुए कहते हैं-लवटि जाओ घर को भरत वीर, लौटि अयोध्या राज करो भय्या निर्मल सरयू तीर, भूखन को भय्या भोजन दीजो, नंगन को पहनाओ चीर। भगवान राम अपनी खड़ाऊ भरत को देकर अयोध्या भेज देते हैं। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष गंगा सिंह, वक्ता मैनेजर लक्ष्मण सिंह रावल, संयोजक दिवाकर रावल ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।