डीडीहाट(पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर यात्रियों का तीसरा दल पिछले तीन दिन से गुंजी में मौसम खुलने का इंतजार कर रहा है। जबकि सातवें दल के यात्री अभी पिथौरागढ़ में ही रुके हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र छियालेख और गर्ब्यांग में घना कोहरा छाने से वायु सेना के हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहे हैं।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार कैलाश यात्रियों का तीसरा दल परिक्रमा पूरी करने के बाद वापसी में गुंजी में रुका हुआ है। दल में 59 यात्री हैं। इनमें से 13 महिला यात्री हैं। चौथा दल परिक्रमा पूरी कर तकलाकोट पहुंच गया है।
यात्री मंगलवार को आईटीबीपी सातवीं वाहिनी की महिला कमांडो दस्ता, मेडिकल और संचार टीम के साथ गुंजी की ओर रवाना होंगे। पांचवे दल के यात्री मंगलवार को तकलाकोट से दार्चिन को रवाना होंगे। यात्रा का छठा दल सोमवार को कालापानी से नाभीढांग पहुंच गया है।
सातवें दल के यात्री खराब मौसम के चलते मंगलवार को भी गुंजी के लिए उड़ान नहीं भर पाए। उच्च हिमालयी क्षेत्र छियालेख और गर्ब्यांग के ऊपर घना कोहरा लगा होने से हेलीकाप्टर गुंजी नहीं पहुंच पा रहे हैं। मंगलवार को मौसम खुलने पर यात्रियों को गुंजी पहुंचाया जाएगा। ब्यूरो