पिथौरागढ़। नकदी की समस्या के चलते मुख्यालय के 16 एटीएम खाली रहे। इन एटीएम पर दिनभर ताले लटके रहे। जरूरी काम के लिए दूरदराज से मुख्यालय आने वाले क्षेत्रवासियों को इससे भारी परेशानी हुई। एटीएम पर निर्भर काफी लोग नकदी के लिए इधर-उधर भटकते रहे, जबकि नगर के आधा दर्जन एटीएम पर लंबी कतारें लगी रहीं।
बुधवार को भी एसबीआई, पीएनबी समेत कई सरकारी और निजी बैंकों के एटीएम में नकदी नहीं डाली गई। लोग एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर काटते रहे। इधर, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईडीबीआई, सेंट्रल बैंक आदि निजी बैंकों के एटीएम में नकदी थी। इन एटीएम पर दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं। इससे लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि देर शाम तक ये एटीएम भी खाली हो गए थे।
दूसरी ओर एटीएम में नकदी न होने से बैंक शाखाओं में खाताधारकों की भीड़ लगी रही। लोग पासबुक और चेक लेकर नकदी निकालने पहुंचे। लोगों को बैंक में लाइनों में लगकर नकदी निकालनी पड़ी। मुनस्यारी से आए भगवत सिंह ने बताया कि पूरा नगर घूमने के बाद केएमओयू स्टेशन पर बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में नकदी मिली। धारचूला के मनोहर पांगती ने बताया कि दवा खरीदने के लिए नकदी के बंदोबस्त के लिए दर्जन भर एटीएम खंगालने पड़े। पिथौरागढ़ के विनय कुमार ने बताया कि एटीएम में नकदी नहीं मिली। दोबारा घर जाकर पासबुक लानी पड़ी। बैंक में लंबी लाइन लगानी पड़ी।