डीडीहाट (पिथौरागढ़)। घटते जल स्तर के चलते डीडीहाट के कई वार्डों में पानी की समस्या भीषण रूप लेने लगी है। घरों में पानी नहीं चढ़ने के कारण लोग सड़क के किनारे नालियों से गुजर रही पाइप लाइनों से पानी भर रहे हैं।
डीडीहाट में सात प्राकृतिक स्रोतों से 15 हजार की आबादी को पानी की सप्लाई की जाती है। इस साल सर्दियों में बारिश कम होने से स्रोतों में पानी सूखने लगा है। इससे नगर में पानी की सप्लाई कम हो गई है। नगर को रोजाना 1.6 एमएलडी पानी की आवश्यकता होती हैं। वर्तमान में केवल 0.90 एमएलडी पानी ही मिल रहा है। इससे पूरे नगर में एक समय पर ही पानी की सप्लाई हो रही है।
नतीजतन लोग सुबह 5.00 बजे से ही सड़कों के किनारे पानी के नलों को खोलकर पानी का इंतजार करते हैं। कई मोहल्लों तक तो पानी पहुंच नहीं पा रहा है। लोगों ने पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग से की है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विलाल यूनुस ने बताया कि जल्द ही नगर में टैंकरों से पानी बांटा जाएगा। इसके लिए विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं।