पिथौरागढ़। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में 15 अगस्त से दोपहिया वाहनों पर दोनों सवारियों के लिए हेलमेट को अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सी रविशंकर ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह को दोनों सवारियों के हेलमेट पहनने की सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश पुलिस और परिवहन विभाग को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि देश में वाहन दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौत दोपहिया वाहनों के कारण होती है। दोपहिया वाहनों का नियम से संचालन काफी जरूरी है। कहा कि जनवरी 2018 तक पूरे जिले में इस नियम को लागू कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने लोनिवि को संवेदनशील सड़कों पर सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर में स्थापित 43 सीसीटीवी में से केवल चार के काम करने पर नाराजगी जताई। नगरपालिका के ईओ खीमानंद जोशी को सीसीटीवी का संचालन करने वाली कंपनी को नोटिस जारी कर एक हफ्ते में सीसीटीवी का संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। कहा कि यदि कंपनी काम नहीं करती है तो उसका अनुबंध समाप्त कर नई एजेंसी से यह काम कराया जाए।
पुलिस और परिवहन विभाग ने यातायात नियमों के पालन के लिए चलाए गए अभियान और कार्रवाई की जानकारी दी। डीएम ने सभी एसडीएम, थानाध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों को रात आठ से सुबह 5 तक वाहनों का संचालन कतई न होने देने के निर्देश दिए। छोटे कस्बों और नगरों की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए।