क्वारंटीन अवधि पूरी न कर सेंटर से भाग जाने वाले युवाओं को चंडीगढ़ और पंजाब से लौटे दो युवकों से सबक लेने की जरूरत है। इन दोनों युवकों को जिस स्कूल में क्वारंटीन किया गया था, इन्होंने उस स्कूल की फुलवारी को संवार दिया।
दोनों युवक अनूप सिंह और गौतम देवप्रयाग ब्लॉक के ग्राम पंचायत खनाना के रहने वाले हैं। जब यह चंडीगढ़ और पंजाब से गांव लौटे तो इन्हें गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया। दोनों इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं।
उन्होंने क्वारंटीन पीरियड को विद्यालय की सेवा में लगाने का निश्चय किया। ग्राम प्रधान प्रियंका सजवाण की ओर से उन्हें कुदाल, दराती और बीज उपलब्ध कराए गए। विद्यालय परिसर की सफाई खुद करने के साथ ही उन्होंने क्यारियां बनाकर इन में फूल, खीरा, लौकी, कद्दू आदि के बीज बो दिए। उनके इस कार्य की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। संवाद