पौड़ी। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत विकास भवन सभागार में शुक्रवार को चौपाल कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम स्थापित करने, सरकारी योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 16 उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक राजकुमार पोरी ने किया। उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि उत्तराखंड के युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं। स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को आधार बनाकर स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। कहा कि डेयरी, स्थानीय उत्पादों का प्रसंस्करण, विनिर्माण, हर्बल उत्पाद, मत्स्य पालन और काष्ठ उत्पादों सहित कई क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं हैं। युवाओं को पारंपरिक व्यवसायों तक सीमित रहने के बजाय नए क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने के लिए आगे आना चाहिए।
सीडीओ अशोक जोशी ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद, विधायक प्रतिनिधि रायसिंह नेगी, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, डीएचओ मनोरंजन भंडारी आदि रहे।