नेहरू युवा केंद्र पौड़ी की ओर से शहीदी दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के युवाओं ने रक्तदान किया।
बुधवार को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव की शहादत की याद में नेहरू युवा केंद्र पौड़ी ने जिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस मौके राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक पारस रावत ने कहा कि शहीद भगत सिंह के साथ सुखदेव एवं शिवराम राजगुरु ने देश की आजादी के लिए कुर्बानी दे दी। इन वीर सपूतों की शहादत को याद करने के लिए शहीदी दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेविका कविता पंवार ने कहा की युवा हर तीन महीने में नियमित रूप से रक्तदान करे तो जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। लैब टेक्नीशियन आशीष जेरवान ने बताया कि रक्तदान करने से मस्तिष्क पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। शिविर में चार यूनिट रक्त एकत्र कर ब्लड बैंक पौड़ी में जमा किया गया। जबकि 16 युवाओं को आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान के लिए बुलाए जाने की सूची में पंजीकृत किया गया। इस अवसर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी वर्षा नेगी, पंकज नेगी, हिमांशु नेगी, अमित बड़थ्वाल, शुभम बिष्ट, युवराज बिष्ट, अमन मुयाल, पिंकेश कुमार, शंकर राणा आदि मौजूद रहे।