जनपद के कोटद्वार में 20 दिसंबर से सेना भर्ती आयोजित की जा रही है। भर्ती को लेकर नगर सेवायोजन कार्यालय पौड़ी युवाओं के लिए मार्गदर्शन एवं परामर्श सत्र आयोजित कर रहा है। प्रत्येक सत्र में युवाओं की भारी भीड़ जुट रही है।
बृहस्पतिवार को विकास खंड मुख्यालय थलीसैण में नगर सेवा योजना कार्यालय पौड़ी की ओर से मार्गदर्शन एवं परामर्श सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में क्षेत्र में विभिन्न हिस्सों से 97 युवाओं ने प्रतिभाग किया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी मेजर करन रावत ने बताया कि सेना हमारे देश की आन, बान व शान है। उत्तराखंड की भूमि सैनिक, साहस व शौर्य की गाथाओं से परिपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को शारीरिक मापदंड, लिखित परीक्षा, स्वास्थ्य परीक्षण सहित भर्ती में आवश्यक अभिलेखों की विस्तार से जानकारी दी। एमजीएन फेलो विनीत चकवाल ने लिखित परीक्षा पाठ्यक्रम की जानकारी दी। इस मौके पर नगर सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल, बीडीओ थलीसैण डीपी आर्य, सूरत सिंह, दीपक कुमार, आदर्श पटवाल, चंद्रपाल सिंह, हरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।