एचएनबी गढ़वाल विवि के विस्तार केंद्र योग पीठ ऋषिकेश में योग विभाग योगिक साइंस के कोर्स और प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएगा। समस्त कोर्स और प्रशिक्षण सेल्फ फाइनेंस मोड़ में संचालित होंगे। विवि ने विस्तार पटल में कोर्स संचालन का कार्यालय आदेश जारी कर दिया है।
गत वर्ष अप्रैल में ऋषिकेश स्थित योगपीठ के साथ गढ़वाल विवि का कोर्स और प्रशिक्षण कार्यक्रमों हेतु एमओयू हुआ था। इसके तहत विवि वर्तमान में अभी योग सीखने वालों को प्रशिक्षण देता है। इस साल 28 मई को योग विभाग की बीओएस (बोर्ड ऑफ स्टडीज) में विस्तार केंद्र में योगिक साइंस के कोर्स और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन का प्रस्ताव पारित किया गया, जिसको गत 30 जून को विवि की विद्या परिषद ने इस शर्त के साथ मंजूरी दे दी कि विवि कोर्स को बिना अनुदान के संबद्धता देगा।
शुक्रवार को विवि के कुलसचिव डा. अजय खंडूड़ी ने विद्या परिषद के निर्णय के अनुसार आदेश जारी कर दिया। योग विभागाध्यक्ष डा. अनुजा रावत ने बताया कि विस्तार केंद्र योगपीठ ऋषिकेश में योगिक साइंस पीजी डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स सहित अल्प अवधि के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होंगे। फिलहाल प्रशिक्षण कार्यक्रम और सर्टिफिकेट कोर्स शुरु होंगे। इसके लिए 80 सीट निर्धारित की गई है। कोर्स में विदेशी छात्रों पर मुख्य रूप से फोकस किया जा रहा है।