श्रीनगर। उप जिला अस्पताल श्रीनगर में एक टेक्नीशियन के भरोसे एक्स-रे सेवाएं हैं, जबकि यहां पर एक्स-रे टेक्नीशियन के दो पद स्वीकृत हैं। टेक्नीशियन के छुट्टी पर जाने से एक्स-रे सेवाएं प्रभावित हो जाती है।
उप जिला अस्पताल श्रीनगर पर नगर क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। सामान्य दिनों में भी यहां करीब साढ़े चार सौ तक की ओपीडी रहती है। स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से यहां अन्य सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन एक्स-रे जैसे महत्वपूर्ण विभाग में केवल एक ही टेक्नीशियन तैनात है।
लोगों का कहना है कि टेक्नीशियन के छुट्टी पर चले जाने से लोग परेशान हो जाते हैं, जिससे उन्हें निजी सेंटरों से एक्स-रे कराने को मजबूर होना पड़ता है। अस्पताल में एक और टेक्नीशियन की नियुक्ति की मांग की जा रही है, लेकिन उस पर अमल नहीं हो रहा है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. गोविंद पुजारी का कहना है कि अस्पताल में दो पदों के सापेक्ष एक एक्स-रे टेक्नीशियन तैनात है। कहा कि एक और टेक्नीशियन की नियुक्ति हो इसके प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएचसी में अल्ट्रासाउंड नहीं होने से मरीज परेशान
चिन्यालीसौड़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में पांच माह से रेडियोलॉजिस्ट नहीं है, जिससे गर्भवती महिलाओं और मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। उन्हें अल्ट्रासाउंड के लिए करीब 35 किमी दूरी तय कर जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है।
सीएचसी में गत पांच माह से रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। जिला अस्पताल में भी अल्ट्रासाउंड के लिए भीड़ और टोकन व्यवस्था होने से सभी का नंबर नहीं आ पाता। क्षेत्र के सुमन बडोनी ने कहा कि सीएचसी चिन्यालीसौड़ में पहले जनता को अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए परेशान होना पड़ा। अब मशीन आई है तो रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर सीएचसी में पूर्व की भांति रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करने की मांग की है। संवाद