एजेंसी मोहल्ले में एक महिला ने अपने किरायेदार की बेटी से मारपीट कर दी। पीड़िता ने हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की, जिस पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मारपीट और गाली गलौज का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार महिला लुधियाना से लौटी थी। किसी बात पर किशोरी से उसकी बहस हो गई। आरोप है कि महिला ने किशोरी से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच महिला ने किसी वस्तु से किशोरी पर वार कर दिया, जिससे उसका हाथ जख्मी हो गया। परिजन किशोरी को अस्पताल लेकर पहुंचे। उसके हाथ में सात टांके आए हैं।
इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर कोतवाली पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर महिला पर केस किया गया है।
क्वारंटीन से बचने को झूठ बोला, टीम ले गई
मारपीट की आरोपी महिला बीती छह जुलाई को लुधियाना से आई थी। लेकिन क्वारंटीन से बचने के लिए वह दो दिन से तहसील की टीम को टिहरी स्थित ससुराल से आने की बात बता रही थी। जब बुधवार को पुलिस उससे पूछताछ करने पहुंची, तो उसने लुधियाना से आने की बात स्वीकारी। तहसील की टीम ने मेडिकल जांच के बाद उसे क्वारंटीन कर दिया।