पौड़ी शरदोत्सव की आखिरी संध्या लोक कलाकारों के नाम रही
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। पालिका की ओर से आयोजित तीन दिवसीय शरदोत्सव का विभिन्न लोकगायकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन हो गया। बीते बुधवार को लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों का खूब झुमाया। इस दौरान रेशमा शाह के जौनसारी गीत ले भुजी जाला ले चूड़ा... पर एडीएम पीआर चौहान भी जमकर नाचे। उन्होंने द्वि हस्तपद नृत्य किया।
शहर के रामलीला मैदान में हुई सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका हेमा नेगी करासी, रेशमा शाह, लोक गायक किशन महिपाल और अमित सागर ने प्रस्तुति दी। हेमा करासी के जै नन्दा भगवती....स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उन्होंने जागर शैली में ऊंचा डांडा कांठा मा तेरु तंबू तन्येणु चा..., भलु लगदु मेरु मुल्क स्वाणु रे... और गेर गेंदुवा... की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रेशमा शाह के जौनसारी गीत नृत्य ले भुजी जाला ले चुड़ा..., अमित सागर के चैता की चैत्वाली... और किशन महिपाल के स्याली भांपाली... व जिया कोरी कोरी खांदू खांदू.... पर दर्शक भी थिरके। सांस्कृतिक संघ्या का एडीएम पीआर चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन किया। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, सीटीओ नमिता सिंह, केसर सिंह नेगी, राम सिंह रावत, वीरेंद्र रावत, वीरेंद्र खंकरियाल आदि मौजूद रहे।