जम्मू। जम्मू संभाग में मौसम साफ रहने से तपिश ने जोर पकड़ा है। कई जिलों में दिन का तापमान 36-37 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहने की सूरत में तापमान और बढ़ेगा। शनिवार को जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है लेकिन लगभग मौसम साफ रहेगा।
जम्मू में शुक्रवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई, बीच में बादल छाने से मौसम सुहावना बन गया था लेकिन बाद में धूप निकलने से गर्मी ने तेवर दिखाए। गर्मी का बाजार पर भी असर दिख रहा है। दिन के समय खरीदारों की भीड़ गायब है। जम्मू में शुक्रवार को दिन का तापमान 36.8 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का तापमान 35.0 डिग्री और बनिहाल में दिन का तापमान 28.4, बटोत में 28.1, भद्रवाह में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग न्यूनतम तापमान 4.4 और पहलगाम 6.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडे रहे।