चार दिन पहले बनीं सड़क का उखड़ने लगा है डामर
पौड़ी। जिला मुख्यालय से सटे विकासखंड कोट की खांड्यूसैंण - बगोलीधार मोटर मार्ग पर डामरीकरण के कार्य पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। करीब 17 साल बाद बन रही सड़क का डामरीकरण कार्य हाल ही में दोबारा शुरू किया गया था लेकिन बारिश के बाद कई जगहों पर डामर उखड़ने लगा है। ग्रामीणों ने डामरीकरण कार्य के जांच की मांग उठाई है।
कोट ब्लॉक के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले 13 किमी के मार्ग का सुधारीकरण, पैराफिट, रिटेनिंग वाल आदि कार्य पिछले कई महीनों से लंबित थे। निर्माणदायी संस्था ने सड़क पर कुछ जगहों पर डामरीकरण किया था लेकिन कुछ जगहों पर कार्य किया जाना बाकी था। बीते सप्ताह शेष कार्य को शुरू किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माणदायी संस्था की ओर से घटिया कार्य किया जा रहा है। बारिश में कई जगहों पर डामर उखड़ गया है और सड़क पर गढ्डे बन गए हैं जिन्हें भरने के लिए पैचवर्क किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक पहले से खराब हो चुके हिस्सों को सही तरीके से नहीं बनाया जाएगा तब तक सड़क का काम आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। पीछे से बनी सड़क खराब होती जा रही है और निर्माणदायी संस्था आगे काम कर रही है।
- चार दिन पहले ही काम शुरू हुआ। सड़क का डामरीकरण अब उखड़ने लगा है। सड़क पर डामर के कंकड़ फैले हुए है जिससे दोपहिया चालकों के रपटने का खतरा बना है। - अनिल रावत, ग्रामीण।
- सड़क का मरम्मत कार्य करीब 17 साल बाद हो रहा है। बावजूद इसके निर्माण कार्यों में बेहद लापरवाही दिखाई दे रही है। विभाग को कई बार कहने के बाद भी काम की गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। - विकास रौथाण, पूर्व प्रधान कोट।
- सड़क का कार्य पिछले कई महीनों से लंबित पड़ा हुआ था। निर्माणदायी संस्था ने 13 किमी के कार्य को दो से तीन चरणों में किया। बावजूद इसके अब भी डामरीकरण की गुणवत्ता को सुधारा नहीं जा रहा। - नितिन उप्रेती, पूर्व प्रधान देवल।
बीते दिनों बारिश के चलते डामर उखड़ गया था जिसे ठीक किया गया है। डामरीकरण की गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। - राजेंद्र सिंह चौहान, सहायक अभियंता, पीएमजेएसवाई श्रीनगर।