विकासखंड पाबौ के ग्राम पंचायत तिमलखाल के ग्रामीण क्षेत्र में गुलदार की धमक से दहशत में हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन पौड़ी से क्षेत्र को गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार, गांव में अकेले रह रही बुजुर्ग महिला को निवाला बनाए जाने के बाद से लगातार देखा जा रहा है। प्रशासन ग्रामीणों की सुध नहीं लेता है तो आंदोलन किया जाएगा।
विकासखंड पाबौ कीग्राम पंचायत तिमलखाल स्थित चोपडयूं गांव में अकेले रह रही बुजुर्ग महिला को गुलदार ने विगत 30 जून को निवाला बना लिया था लेकिन घटना का पता 3 जुलाई को चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस, प्रशासन व वन विभाग को सूचना दी। बुजुर्ग महिला के शव को वन विभाग ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेजा था। मामले में अब ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. एसके बरनवाल से मुलाकात कर क्षेत्र में गुलदार की दहशत होने की शिकायत की है।
ग्राम प्रधान पवित्री देवी, रोशन देवी, पुष्पा देवी व लक्ष्मी देवी ने बताया कि ग्रामीण मवेशियों के लिए चारा लेने और खेती के काम के लिए नहीं निकल पा रहे हैं। जल्द से जल्द गुलदार की दहशत से निजात दिलाई जाए। वहीं एडीएम पौड़ी डॉ. बरनवाल ने डीएफओ गढ़वाल को क्षेत्र में पिंजरों की संख्या बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा के बेहतर उपाय करने के निर्देश दिए। वहीं पश्चिमी अमेली रेंज की वन क्षेत्राधिकारी सुचि चौहान ने कहा कि क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने के साथ ही लगातार गश्त की जा रही है।