कोट ब्लाक के चार गांवों में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने डीएम से भेंट की। उन्होंने कहा कि सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य खराब होने और महिलाओं को प्रसव पीड़ा होने पर डंडी-कंडी से करीब 5 किमी पैदल चलकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोसी व ग्रामीण प्रधान लिही अमित सिंह के नेतृत्व में कोट ब्लाक के लिही, पोखरी, धारी व नाई गांव के ग्रामीणों ने डीएम विजय कुमार जोगदंडे से मुलाकात की। दनोसी व प्रधान सिंह ने बताया कि वर्ष 2018-19 में इन गांवों के लिए सड़क स्वीकृत हुई थी, लेकिन चार साल बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सड़क न होने के कारण रोजमर्रा के कार्य निपटाने के लिए 4 किमी दूर सबदरखाल बाजार पैदल आना पड़ता है। डीएम ने जल्द मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ग्रामीण अनिल सिंह, चंद्र सिंह, अभिषेक, राकेश, उदयभान, महावीर चौहान, अंकित रावत, कमल, वीरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, विकास, पंकज, अमित और दीपक रावत आदि शामिल थे।