श्रीनगर।
कभी पाइपलाइन फटने, कभी लीकेज तो कभी पंप में तकनीकी खराबी के कारण श्रीनगर में पेयजल आपूर्ति लगातार लड़खड़ाती जा रही है। पंप हाउस के समीप 27 सितम्बर को क्षतिग्रस्त हुई मुख्य पाइपलाइन से 12 दिन बाद भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है।
लगातार एक-दो दिनों से डांग समेत शहर के कई क्षेत्रों में पानी न आने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। डांग निवासी गजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति अनियमित बनी हुई है। बृहस्पतिवार शाम और शुक्रवार सुबह पानी नहीं आया। अधिकारियों ने अलकनंदा का जलस्तर बढ़ने से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की बात कही थी, लेकिन 12 दिन बीतने के बाद भी व्यवस्था सामान्य नहीं हो पाई है। लोगों को यह तक स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि नियमित आपूर्ति कब बहाल होगी। बागवान कमलेश्वर निवासी अर्जुन सिंह भंडारी ने बताया कि निर्धारित समय पर पानी नहीं मिल रहा है। कभी रात डेढ़ बजे आपूर्ति की जाती है, ऐसे में रात के समय पानी भरना मुश्किल हो जाता है। पिछले कई दिनों से पेयजल व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है।
जल संस्थान की जेई पूजा धनाई ने बताया कि जिस स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी, वहां मरम्मत के बाद टेस्टिंग के दौरान लीकेज की समस्या सामने आई थी जिसे ठीक कर दिया गया है। अब क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
संवाद