विकास खंड पाबौ के ग्राम पपड़तोली के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर धान की पौध की क्षतिपूर्ति करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि नहर क्षतिग्रस्त होने से वह धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं। इस कारण उनके खेत बंजर हो गए हैं।
समाजसेवी चंदन सिंह चौहान ने ज्ञापन में कहा कि पश्चिमी नयार की नहर से ग्रामीणों के खेतों की सिंचाई होती है। इस नहर का संचालन वर्तमान में सिंचाई विभाग की ओर से किया जा रहा है लेकिन 9 जून को जल स्तर बढ़ने से नहर का काफी बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे ग्रामीण धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं। अब सिंचाई के अभाव में धान की रोपाई के लिए तैयार पौध भी सूख चुकी है। चौहान ने मुख्यमंत्री से ग्रामीणों को क्षतिपूर्ति करने की मांग की है।