जिले के थाना पैठाणी से दो पूर्व लापता युवक-युवती का कंकाल एक गुफा में मिला। परिजनों ने कपड़ों व जूते-चप्पल से उनकी पहचान की। पुलिस ने कंकालों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर डीएनए परीक्षण भी कराया जाएगा।
थाना क्षेत्र पैठाणी के तरपालीसैण में डुंगरी मल्ली गांव से करीम ढाई किमी दूर एक गुफा में दो नर कंकाल मिले, जिनकी पहचान दो माह पूर्व घर से लापता हुए सुनील (21) पुत्र सोबत सिंह निवासी तरपालीसैंण व लक्ष्मी (19) पुत्री गुलाब सिंह निवासी छत्तर के रूप में हुई है। परिजनों ने कपड़ों व जूते-चप्पल से उनकी पहचान की।
थानाध्यक्ष पैठाणी प्रताप सिंह ने बताया कि सुनील व लक्ष्मी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। 28 जनवरी को सुनील के परिजन रिश्ते के लिए लक्ष्मी के घर गए थे, लेकिन लक्ष्मी के परिजनों ने रिश्ते से इंकार कर दिया था। इसके बाद दोनों 28 जनवरी की शाम को ही अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे। उन्होंने बताया कि डुंगरी मल्ली गांव के समीप सड़क निर्माण कार्य में लगा एक मजदूर स्रोत से पानी लेने जा रहा था, जहां रास्ते में एक गुफा में उसे कंकाल दिखे। मजदूर ने मामले की सूचना ग्रामीणों को दी।
जंगल में कंकाल मिलने की सूचना पर दो माह से लापता चल रहे सुनील के पिता सोबत सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह ने बताया कि दो नर कंकाल तो गुफा में ही मिले, लेकिन एक कंकाल की खोपड़ी गुफा से करीब 100 मीटर नीचे मिली। कहा कि कंकालों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी भेज दिया गया है। मामले में दोनों के परिजनों की ओर से कोई शिकायत भी नहीं मिली है। मौत के कारणों का भी अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। एसएसपी पी. रेणुका देवी ने कहा कि मृतकों के फोन डिटेल से जानकारी जुटाई जाएगी। कहा कि पैठाणी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही है, इसके लिए क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।