श्रीनगर/देवप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर यहां कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। स्वैच्छिक शिक्षक मंच की ओर से आयोजित कवि सम्मेलन में माटी के कलाकार और कवि जयकृष्ण पैन्यूली ने ‘ये मुकम्मल तमाचा है पहाड़ के गाल पर सिर्फ मौत को यकीं है यहां के अस्पताल पर’, चांद पर दाग है तो दाग लिख, धूप की कलम बना शब्द को आग लिख.... और तू बदल सकता है तो दुनिया बदल दे, इस पड़े बंजर नमक को पानी का हल दे... कविता सुनाकर माहौल रोमांचित कर दिया। इसके अलाव देवेंद्र उनियाल, उमा घिल्डियाल, कमलेश जोशी, साइनी उनियाल और प्रियंका नेगी ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत की। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में सैंपल कलेक्शन टीम, कोविड-19 स्टोर टीम व स्वच्छता कर्मियों की टीम ने झंडा रोहण किया। जबकि नगर पालिका अध्यक्ष पूनम तिवाड़ी व सभासदों ने गोला पार्क में ध्वजारोहण नगर वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। केंद्रीय गढ़वाल विवि में कुलपति प्रो.अन्नपूर्णा नौटियाल ने झंडा फहराया। केंद्रीय कृत प्रशिक्षण केंद्र एसएसबी, एनआईटी उत्तराखंड, कोतवाली व तहसील श्रीनगर व कीर्तिनगर में ध्वजा रोहण के बाद मिष्ठान वितरण किया गया। नगर पंचायत कीर्तिनगर में अध्यक्षा कैलाशी देवी जाखी ने ध्वजारोहण कर नगर वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान देवप्रयाग, नगर पालिका व तहसील देवप्रयाग में भी स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष केके कोटियाल ने नगर वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।