जम्मू। प्रदेश में जल्द ही पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल होने की संभावना है। पुलिस के डीआईजी, एसएसपी स्तर के पद खाली पड़े हुए हैं। कुछ आईपीएस अफसरों को प्रमोट करने और जेकेपीएस कैडर अफसरों को आईपीएस कैडर देने के मामले पर भी मंथन जारी है। ऐसे में संभव है कि अगले दस दिन के भीतर पुलिस महकमे में डीएसपी से लेकर डीआईजी तक के अफसरों के तबादले हों।
सूत्रों का कहना है कि जम्मू और श्रीनगर रेंज के डीआईजी के पद पर जल्द ही स्थायी अफसरों की नियुक्ति हो सकती है। इसके अलावा जम्मू शहर को नया एसएसपी ट्रैफिक मिलेगा, क्योंकि मौजूदा एसएसपी ट्रैफिक का तबादला दो दिन पहले ही एंटी करप्शन ब्यूरो में किया गया है। इसके अलावा भी कुछ अफसरों के तबादले हो सकते हैं। सबसे ज्यादा डीएसपी स्तर के अफसरों के तबादले हो सकते हैं। दरअसल, तबादलों पर लॉकडाउन के पहले ही मुहर लगनी थी, लेकिन लॉकडाउन की वजह से इस पर काम नहीं हो सका। न ही अफसरों की प्रमोशन को लेकर डीपीसी पर काम शुरू हो सका। सूत्रों का कहना है कि डीपीसी पर काम शुरू हो चुका है। बता दें कि हाल ही में पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बनी है। जिसमें बड़े स्तर पर अफसरों की तैनाती की जा रही है। इसके अलावा एंटी करप्शन ब्यूरो को भी मजबूती दी जा रही है। पिछले एक साल में एंटी करप्शन ब्यूरो के पास 100 से अधिक अफसरों और कर्मियों का स्टाफ बढ़ा है।