पौड़ी। बीआर मॉर्डन स्कूल पौड़ी में सीबीएसई की ओर से राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 के तहत प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें पौड़ी जनपद के चयनित पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि सीबीएसई द्वारा देशभर के 782 जिलों में बुधवार को कक्षा 3, 6 व 9 में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के लिए परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण का आयोजन किया जा रहा है। बताया कि यह एक राष्ट्रव्यापी स्कूल शिक्षा सर्वेक्षण है। जिसमें परीक्षा के आधार पर छात्रों के शैक्षिक स्तर की जांच की जाएगी।
यह सर्वेक्षण जिला राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उक्त कक्षाओं में छात्रों के सीखने की संरचनात्मक प्रतिपुष्टि को प्राप्त करने का एक माध्यम है। इस सर्वेक्षण से प्राप्त आकड़ों का उपयोग नीति और शैक्षणिक संरचना नियोजन के लिए किया जाएगा। ताकि छात्रों के सीखने की क्षमता में गुणात्मक सुधार तथा समानता को सुनिश्चित किया जा सके।
बताया कि प्रशिक्षण में चयनित सभी जरूरी सर्वेक्षण सामग्री भी वितरित की गई। प्रशिक्षण में डाइट चड़ीगांव के प्राचार्य स्वराज सिंह तोमर ने सभी पर्यवेक्षकों को सर्वेक्षण को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण में सीबीएसई की सेक्सन ऑफिसर मीनाक्षी, बीआर मॉर्डन स्कूल के प्रधानाचार्य दामोदर प्रसाद ममगाईं आदि मौजूद रहे।