श्रीनगर। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए रिक्त एनसीवीटी सीटों पर प्रवेश के लिए ऑन-द-स्पॉट काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को संबंधित राजकीय आईटीआई में ऑफलाइन आवेदन करना होगा।
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 और 29 अगस्त को संस्थान में स्पॉट काउंसिलिंग के लिए ऑफलाइन आवेदन लिए जाएंगे। 29 अगस्त को ही मेरिट सूची जारी की जाएगी जबकि 30 अगस्त को प्रवेश के लिए काउंसलिंग की जाएगी। आईटीआई श्रीनगर के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने बताया कि पूर्व में दो ऑनलाइन आवंटन में प्रथम विकल्प प्राप्त कर प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी स्पॉट काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सकेंगे। पूर्व में ऑनलाइन आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थान में आवेदन/पंजीकरण कराना होगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है वे निर्धारित अवधि में संबंधित आईटीआई में ऑफलाइन आवेदन कर स्पॉट काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी को उसी आईटीआई में ऑफलाइन आवेदन कर सकेगा जहां वह प्रवेश लेना चाहता है। संवाद