अतिथि शिक्षक भर्ती से रोजगार की आस लगाए तीन शिक्षकों को नियुक्ति के एक माह बाद ही नौकरी से हाथ धोना पड़ गया है। इन्हें अभी तक मानदेय भी नहीं मिला था। इन अतिथि शिक्षकों के स्थान पर स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति होने से इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
विकास खंड के जीआआईसी धारी ढुढसिर, जखंड व राड़ागाड़ में अतिथि शिक्षक के रूप में सितंबर माह में विधि बहुगुणा (अंग्रेजी), बॉबी लिंगवाल (विज्ञान) और दीपक कोहली (राजनीतिशास्त्र) में नियुक्ति हुई थी। लेकिन एक माह बाद ही इन विद्यालयों में स्थाई शिक्षकों के आने पर इन्हें बाहर कर दिया गया। जबकि इन्हें अभी तक मानदेय भी नहीं मिला है।
रविवार को अतिथि शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी से मुलाकात कर इन अतिथि शिक्षकों को अन्यत्र समायोजित किए जाने की मांग की है। अतिथि शिक्षक अमित जोशी ने कहा कि अतिथि शिक्षकों को इस तरह बाहर किए जाने से उनका मनोबल गिर रहा है। मंत्री प्रसाद नैथानी ने अतिथि शिक्षकों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस संबंध में नई नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही अतिथि शिक्षकों को मानदेय भी दे दिया जाएगा। वार्ता करने वालों में लता, सीमा, बलबीर लिंगवाल, विधि बहुगुणा, राकेश कुमार, दीपक कोहली आदि शामिल थे।