पौड़ी। सांस्कृतिक नगरी पौड़ी में पालिका की ओर से विभिन्न विद्यालयाें के मार्चपास्ट के साथ ही तीन दिवसीय शरदोत्सव का आगाज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने शरदोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने मार्चपास्ट और झांकियों ने लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। पारंपरिक विद्यालयी वेशभूषा में सजे स्कूली छात्र छात्राओं अपनी प्रस्तुतियों दीं। शरदोत्सव के तहत मार्च पास्ट शहर के एजेंसी चौक से होते हुए मॉल रोड, बस स्टेशन, धारारोड, कलेक्ट्रेट परिसर होते हुए रामलीला मंच पर पहुंची।
जहां पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने मार्च पास्ट की सलामी ली। छात्रों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली की झलक पेश की। पूर्व सीएम ने मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने महोत्सव को स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को मंच देने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
शरदोत्सव के तहत एजेंसी चौक स्थित सामुदायिक भवन में फोटो और पेंटिंग प्रदर्शनी भी आयोजित हुई। प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर आधारित तस्वीरों और चित्रों को प्रदर्शित किया गया। पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने बताया कि शरदोत्सव के तहत तीन दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 18 नवंबर को समापन पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें लोक कलाकार हेमा नेगी करासी, किशन महिपाल, रेशमा शाह और अमित सागर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस मौके पर विधायक राजकुमार पोरी, पूर्व जिपं अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, सभासद अरविंद रावत, संगीता रावत, रेखा चौहान, गौरव सागर, सूरज बिष्ट, युद्धवीर सिंह आदि शामिल रहे।
वार्ड 8 ने जीती तीसरे दिन की फुटबॉल प्रतियोगिता
शरदोत्सव के तहत कंडोलिया मैदान में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन का मैच वार्ड नं. 7 व 8 के बीच खेला गया। वार्ड 8 ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए वार्ड 7 पर बढ़त बनाए रखी। मैच के अंत तक वार्ड 8 ने कुल पांच गोल किए। जवाब में वार्ड 7 एक भी गोल नहीं कर पायी। वार्ड 8 ने एकतरफा मुकाबले से मैच जीत लिया।