पौड़ी पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर से तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। ठगी के तीनों आरोपी भरतपुर में एक कमरे से गिरोह चला रहे थे। ठगों ने पुलिस लाइन पौड़ी में सेवारत एक जवान से भी ठगी की थी। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पौड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी ने गिरोह को पकड़ने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।
पुलिस कार्यालय पौड़ी में पत्रकारों से वार्ता कर एसएसपी पी. रेणुका देवी ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को पुलिस लाइन में कार्यरत रामानंद शर्मा ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में रामानंद ने बताया था कि किसी व्यक्ति ने पुलिस मुख्यालय का बाबू बनकर फोन किया और तबियत खराब होने की बात कहकर एक हजार रुपये मांगे। उसने गूगल-पे का लिंक भेजा। रामानंद की ओर से हजार रुपये भेजते ही उनकी खाते से 82 हजार की धनराशि उड़ा ली गई। एसएसपी पी. रेणुका देवी ने बताया कि ठगी के आरोपी सुनील कुमार निवासी नई सब्जी मंडी जुरहेरा, योगेश कुमार निवासी सैनी मोहल्ला जुरहेरा व शरीक निवासी बघेल भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से तीन मोबाइल व दो लैपटॉप भी बरामद किए हैं। पुलिस वाली टीम में कोतवाल पौड़ी राकेंद्र कठैत, सीआईयू प्रभारी रफत अली, एसआई विकसित पंवार, कमलेश शर्मा, कांस्टेबल आबिद अली, संतोष, शेखर सैनी व दिनेश शामिल रहे।