देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग स्थित शांता गदेरे पर बने पुल के कारण 15 दुकानदारों की आजीविका पर संकट आ गया है। पुल का लेबल ऊपर होने से दुकानें नीचे हो गई हैं। इसके कारण उन्हें दुकानें बंद रखने के लिए मजबूर होना पड़ गया है। यह दुकानें नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में हैं।
प्रभावित दुकानदार विकास कोटियाल, मनीष रावत, गोविंद सिंह, रूपेश बिष्ट, भूपेंद्र राणा, जयपाल रावत और बिशंबर रावत का कहना है कि वे पिछले तीन महीनों से बेरोजगार हैं। सड़क लेबलिंग के कारण उनकी दुकानें दब गई हैं। दुकानदारों ने अब प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें अपनी दुकानों को सड़क के नए लेबल तक ऊंचा उठाने की अनुमति दी जाए, जिससे वह जल्द से जल्द अपना कारोबार फिर से शुरू कर सकें। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल सिंह ने कहा कि पुल बनने से जो दुकानें प्रभावित हुई हैं, उन दुकानों का पुनर्निर्माण किए जाने की योजना है। बोर्ड बैठक में इसका निर्णय लिया जाएगा।